छह दिन में दो बड़ी वारदातें,“लेडी सिंगम” कही जाने वाली कप्तान की कार्यशैली पर उठे प्रश्न
मीटिंग के 24 घंटे के भीतर ही बदमाशों ने दी चुनौती
सुलतानपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर हालात लगातार चिंताजनक होते जा रहे हैं। गांव-देहात, गली-कूचे और मोहल्लों के साथ-साथ अब हाइवे भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। ताजा मामला गुरुवार को अयोध्या-प्रयागराज हाइवे का है, जहां सरेशाम एक किराना व्यापारी से पिस्टल सटाकर लूट की वारदात को अंजाम दे दिया गया।
इस घटना ने न केवल पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि आम लोगों में भय का माहौल भी पैदा कर दिया है। खास बात यह है कि इससे महज छह दिन पहले लखनऊ-वाराणसी हाइवे पर एक ट्रक ड्राइवर की हत्या कर दी गई थी, जिसका मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था। जिले में नई तैनाती के साथ ही “लेडी सिंघम” की उपाधि पाने वाली आईपीएस अधिकारी की कार्यप्रणाली पर इन लगातार हो रही घटनाओं ने प्रश्न चिन्ह लगा दिया है। अपराध नियंत्रण को लेकर सख्ती दिखाने के प्रयासों के बावजूद बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं बुधवार रात पुलिस कप्तान ने अपराध नियंत्रण को लेकर जनपद के सभी थानेदारों और चौकी प्रभारियों के साथ कई घंटे तक बैठक कर कड़े निर्देश दिए थे। लेकिन विडंबना यह रही कि इस बैठक के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि सरेशाम व्यापारी लूट का शिकार बन गया।
यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले चार्ज संभालते ही बस स्टैंड के पास रोडवेज परिचालक से लूट की घटना हुई थी। वहीं, एसपी ऑफिस से कुछ ही कदम की दूरी पर स्थित वैद्यनाथ एजेंसी में चोरी की वारदात ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। हालांकि इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस को काफी दबाव और दिन-रात की मेहनत करनी पड़ी, लेकिन लगातार हो रही वारदातें यह संकेत दे रही हैं कि अपराधियों में पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है। फिलहाल, ताजा लूट की घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है....।।