वाराणसी में 'अंधा युग' का प्रभावशाली मंचन, दर्शकों ने सराहा अभिनय

वाराणसी। धर्मवीर भारती की कालजयी नाट्य कृति 'अंधा युग' का प्रभावशाली मंचन बुधवार को आर्य महिला इंटर कॉलेज, चेतगंज में हुआ। बनारस यूथ थियेटर एवं रंग प्रयोग नाट्य संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रस्तुति का निर्देशन युवा रंगकर्मी उत्कर्ष उपेंद्र सहस्रबुद्धे ने किया।

महाभारत युद्ध के बाद की परिस्थितियों पर आधारित नाटक ने युद्ध की विभीषिका, नैतिक पतन और मानवीय मूल्यों के संकट को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि आचार्य रजनीश कुमार शुक्ल तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. सुनील विश्वकर्मा एवं डॉ. संजय मेहता ने कलाकारों की सराहना की। राम कृष्ण यादव, रोहन गुप्ता, दिव्यांशु मिश्रा सहित सभी कलाकारों के सशक्त अभिनय ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी, रंगकर्मी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।