रामपुर। उत्तर प्रदेश/अखिल भारतीय प्रधान संगठन के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने ग्राम प्रधानों के कार्यकाल बढ़ाए जाने के फैसले पर मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए ब्लॉक प्रमुख को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रधानों ने कहा कि सरकार के इस फैसले से गांवों में अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराने में मदद मिलेगी और पंचायतों को मजबूती मिलेगी।
प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष मलकीत सिंह और जिला महासचिव इरफान अली (गुड्डू) के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम प्रधान गांवों के विकास की रीढ़ हैं। कार्यकाल बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही योजनाओं को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा। प्रधानों ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय को ग्रामीण हित में ऐतिहासिक कदम बताया।
ज्ञापन के माध्यम से पंचायतों के रुके विकास कार्यों को शीघ्र शुरू कराने, बजट जारी करने और गांवों में सड़क, नाली, पेयजल व सफाई व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी उठाई गई। प्रधानों ने कहा कि पंचायतों को अधिकार और संसाधन मिलने से गांवों का तेजी से विकास संभव होगा।
इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर सरकार के फैसले का स्वागत किया। प्रधान संगठन ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार आगे भी पंचायतों के हित में सकारात्मक निर्णय लेती रहेगी।