खखरेरू/फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के अपना बाजार मार्केट के पीछे आयोजित जिला स्तरीय प्रीमियर लीग-14 नाइट बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। टूर्नामेंट के मुकाबले दूधिया रोशनी में खेले गए, जहां बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
पहला मुकाबला सभासद खखरेरू और कनपुरवा के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत प्रतिनिधि सैयद गौसुल हक उर्फ राजू प्रधान मौजूद रहे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सभासद-11 की टीम 8 ओवर में 10 विकेट खोकर 27 रन ही बना सकी और कनपुरवा को 28 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में कनपुरवा की टीम ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर सुपर-8 में जगह पक्की कर ली। मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राजा को गुड्डू केसरवानी ने मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया।
इसके बाद दूसरा मुकाबला और पहला क्वार्टर फाइनल मैच कोट और केजीएन खागा के बीच खेला गया। टॉस जीतकर केजीएन खागा ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी कोट टीम की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज मूनम खान 3 रन और हामिद बिना खाता खोले आउट हो गए। माज ने भी केवल 6 रन का योगदान दिया।
इसके बाद जैद उल्ला ने 15 गेंदों में 24 रन और मुशर्रफ ने 11 गेंदों में 16 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभाला। कोट की टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 67 रन बनाए और खागा को 68 रन का लक्ष्य दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केजीएन खागा टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज रहमान 4 रन और नादिर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। मध्यक्रम में जुबेर ने 15 रन, आशीष और जेड ने 12-12 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इस तरह कोट ने 8 रन से मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए जैद उल्ला को जुबैर खान के हाथों मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया गया।
मैच का लाइव प्रसारण “लाइव विथ नीरज” के माध्यम से किया गया। टूर्नामेंट में फील्ड मैनेजर शाहरुख नेता के कार्यों की दर्शकों और कमेटी ने सराहना की। स्कोरिंग की जिम्मेदारी अभिषेक साहू और मोहम्मद आजम ने निभाई, जबकि कमेंट्री मोनू खान और जानी ने की। अंपायरिंग मारूफ और मोहम्मद हसन ने की।