*मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा*
मूंढापांडे/मुरादाबाद। कुंदरकी के विधायक ठाकुर रामवीर सिंह स्वस्थ भारत मिशन ग्रामीण योजना पर केंद्रित कार्यक्रम को सफल करने पहुंचे। विकास खंड मूंढापांडे के ब्लॉक सभागार, दलपतपुर में सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार के सात दिवसीय शिविर के पांचवें दिन पंचायती राज एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की योजनाओं पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली। कुंदरकी विधायक ने ग्रामीणों एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को संबोधित करते हुए स्वच्छता में जनभागीदारी बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। इस दौरान स्वच्छता ही संकल्प रैली में सहभागिता कर ब्लॉक परिसर में श्रमदान किया गया। आंगन मेला के तहत अन्नप्राशन व गोद भराई कराई गई और हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में स्वस्थ बच्चों को पुरस्कृत किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विकास खंड अधिकारी मूंढापांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।