• Home
  • Uttar Pradesh
  • Moradabad
  • The face of Moradabad has changed over the last nine years; it is now known for development and its new identity as the 'Brass City,' rather than for riots: Chief Minister Yogi Adityanath.

9 साल में बदली मुरादाबाद की तस्वीर, अब दंगों नहीं विकास और पीतल नगरी की नई पहचान से जाना जाता है: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मंडल मुरादाबाद/ उत्तर प्रदेश/मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में मुरादाबाद की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं। उन्होंने कहा कि एक समय यह शहर दंगों और उपद्रव की घटनाओं के कारण चर्चा में रहता था, लेकिन आज पूरे देश में अपनी पीतल नगरी, उद्योग, निवेश और विकास की नई पहचान के लिए जाना जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमरा गई थी। व्यापारी, किसान, बेटियां और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे। बिजली, रोजगार और विकास की स्थिति भी बेहद खराब थी। लेकिन भाजपा सरकार ने सुशासन, मजबूत कानून-व्यवस्था और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर प्रदेश की दिशा और दशा दोनों बदल दी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में एमएसएमई (MSME) सेक्टर को नई ताकत मिली है, जिससे मुरादाबाद सहित पूरे प्रदेश के उद्योगों को नई गति मिली है। बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण निवेश बढ़ा है, रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की राजनीति केवल जाति, क्षेत्र और परिवारवाद तक सीमित रही है। उन्होंने कहा कि इन दलों के पास विकास का कोई विजन नहीं है, जबकि भाजपा सरकार प्रदेश के 25 करोड़ लोगों के विकास और समृद्धि को अपना संकल्प मानकर कार्य कर रही है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में दंगों की नहीं, बल्कि विकास, निवेश और सुशासन की चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और अराजकता फैलाने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों, किसानों का उत्पीड़न करने वालों और रोजगार में बाधा डालने वालों के खिलाफ सरकार कठोर कार्रवाई करेगी।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश में अब "बाबर का नहीं, रामराज्य चलेगा।" उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। अयोध्या सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं और उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।

उन्होंने मुरादाबाद देहात और कांठ विधानसभा क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि इन क्षेत्रों में भी डबल इंजन सरकार होती तो विकास की रफ्तार और अधिक तेज होती। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश विकास, सुरक्षा और सुशासन की इसी राह पर आगे बढ़ता रहेगा और उत्तर प्रदेश देश के लिए एक आदर्श राज्य के रूप में नई मिसाल कायम करेगा।