मुंडा पांडे/मंडल मुरादाबाद/मुंडापांडे क्षेत्र के काशीपुर रोड स्थित दलपतपुर में गुरुवार 18 जून को पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मुहर्रम के मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों ने इंसानियत की मिसाल पेश की। राहगीरों और वाहन चालकों को ठंडा शरबत पिलाकर उन्हें गर्मी से राहत पहुंचाई गई। आज सुबह से ही आसमान से आग बरस रही थी और तापमान 42 डिग्री के पार था। लू और उमस से लोग परेशान थे। इसी बीच दलपतपुर चौराहे पर स्थानीय मुस्लिम समाज के युवाओं और बुजुर्गों ने एक जगह टेंट लगाकर शरबत वितरण का कार्यक्रम शुरू किया। बर्फ डालकर तैयार किए गए मीठे शरबत के गिलास राहगीरों, मजदूरों, रिक्शा चालकों और राह से गुजर रहे हर व्यक्ति को बिना भेदभाव के पिलाए गए। आयोजकों का कहना था कि मुहर्रम का महीना कुर्बानी, सब्र और भाईचारे का प्रतीक है। कर्बला की घटना हमें दूसरों के दर्द को बांटना सिखाती है। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए गर्मी में प्यासे लोगों को पानी और शरबत पिलाने का छोटा सा प्रयास किया गया है। उनका मानना था कि धर्म और इंसानियत से बढ़कर कुछ नहीं होता। इस नेक काम में दिलशाद, इरशाद, मो. अरमान, इस्लाम, आकिल, इरफान के साथ-साथ नईम हाजी और मोहम्मद ताहिर ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर घंटों तक लोगों को शरबत पिलाया और उनके हालचाल पूछे। शरबत पीकर राहगीरों के चेहरे पर आई राहत देखकर आयोजकों को सुकून मिला। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसी पहल से समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द मजबूत होता है। गर्मी के इस मौसम में यह शरबत वितरण वाकई जरूरतमंदों के लिए किसी वरदान से कम नहीं था।