खखरेरू /फतेहपुर क्षेत्र के बसवा गांव स्थित बसहट बाबा मंदिर में आयोजित अखंड रामायण पाठ का समापन रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। पूर्णाहुति के अवसर पर मंदिर परिसर में 21 कुंतल के विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। बसवा, पॉली, गैरसैंडी, गुड़गौला, कालूपुर, चिरईगांव, कचपुरवा समेत आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए। पूरे दिन मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, रामधुन और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
भंडारे में श्रद्धालुओं के बैठने, प्रसाद वितरण तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई थी। स्वयंसेवकों ने सेवा भाव के साथ प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी संभाली। देर शाम तक भंडारे का क्रम चलता रहा और श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बसहट बाबा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के दौरान लोगों में गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में श्याम सिंह, वीरेंद्र सिंह, स्वामी जी, विजय सिंह, हनुमान सिंह, दुर्गेश सिंह, राजू गुप्ता, लवकुश, दीपक, आसू, घूरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।