• Home
  • Uttar Pradesh
  • Lucknow
  • Emphasis on spreading Vivekananda's thoughts to the masses, Media Council of India Secretary Shrish Singh met Swami Muktinathananda

विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने पर जोर, मीडिया काउंसिल ऑफ इंडिया के सचिव श्रीश सिंह ने स्वामी मुक्तिनाथनंद से की भेंट

लखनऊ। मीडिया काउंसिल ऑफ इंडिया के सचिव ठा श्रीश सिंह ने विवेकानंद पालीक्लिनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान के सचिव पूज्य स्वामी मुक्तिनाथनंद जी महाराज से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी की एक अत्यंत आकर्षक एवं प्रेरणादायी पेंटिंग स्वामी जी को भेंट स्वरूप प्रदान की। यह सुंदर पेंटिंग प्रदेश के युवा कलाकार धीरेन्द्र प्रताप द्वारा बनाई गई है, जिसमें स्वामी विवेकानंद के तेजस्वी व्यक्तित्व और उनके ओजस्वी विचारों को सजीव रूप में दर्शाया गया है।

कार्यक्रम के दौरान स्वामी मुक्तिनाथनंद जी महाराज ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके आदर्शों और वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “स्वामी विवेकानंद केवल एक संत या विचारक ही नहीं थे, बल्कि वे भारत की आत्मा के प्रतीक थे। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति और मानव सेवा का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो’—यह उनका संदेश हर व्यक्ति को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में जब समाज कई चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब स्वामी विवेकानंद के विचार हमें सही दिशा दिखाते हैं। मीडिया की भूमिका इसमें अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वह समाज को जागरूक करने और सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। मीडिया काउंसिल ऑफ इंडिया जैसे संगठन इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहे हैं।

वहीं, मीडिया काउंसिल ऑफ इंडिया के सचिव ठा श्रीश सिंह ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को युवाओं के लिए मार्गदर्शक बताते हुए कहा, “स्वामी विवेकानंद जी ने भारतीय संस्कृति, आध्यात्म और राष्ट्र निर्माण की जो नींव रखी, वह आज भी हमें प्रेरित करती है। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि यदि व्यक्ति अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित हो, तो वह किसी भी कठिनाई को पार कर सकता है।

उन्होंने आगे कहा, “मीडिया काउंसिल ऑफ इंडिया का उद्देश्य केवल पत्रकारों के हितों की रक्षा करना ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रहित की भावना को बढ़ावा देना भी है। हम चाहते हैं कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को विशेष रूप से युवाओं और पत्रकारों तक पहुँचाया जाए, ताकि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन और अधिक जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कर सकें।

सचिव ठा श्रीश सिंह ने युवा कलाकार धीरेन्द्र प्रताप की सराहना करते हुए कहा कि, “यह पेंटिंग न केवल एक कलाकृति है, बल्कि यह स्वामी विवेकानंद के विचारों और ऊर्जा का सशक्त प्रतीक है। ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर मीडिया काउंसिल ऑफ इंडिया के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिल त्रिपाठी, संस्थान के डॉ. विशाल कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में समाज, मीडिया और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा भी हुई।