लखनऊ। जौनपुर स्थित पीडीए भवन कटघरा में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक जौनपुर सदर मोहम्मद अरशद खान ने कहा कि आज देश में अगर कोई नेता सामाजिक न्याय, भाईचारे, लोकतंत्र और मज़हबी एकता की मज़बूती के लिए सबसे मजबूती से खड़ा है तो वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हैं।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने हमेशा नफ़रत की राजनीति के खिलाफ मोहब्बत, इंसाफ और संविधान की राजनीति को आगे बढ़ाया है। उन्होंने हर धर्म, हर जाति, हर वर्ग और हर कमजोर तबके को साथ लेकर चलने का काम किया है। यही वजह है कि आज देश का नौजवान, किसान, मजदूर, पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक और संविधान में विश्वास रखने वाला हर नागरिक अखिलेश यादव की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहा है।
मोहम्मद अरशद खान ने कहा कि समाजवादी विचारधारा हमेशा गंगा-जमुनी तहज़ीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की पक्षधर रही है। अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में कभी भी समाज को बांटने की राजनीति नहीं की, बल्कि लोगों को जोड़ने और लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया है।
न्होंने कहा कि आज देश में बेरोज़गारी, महंगाई, किसानों की बदहाली, सामाजिक भेदभाव और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ते दबाव जैसे गंभीर मुद्दे मौजूद हैं, लेकिन जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाने की कोशिश की जा रही है।
ऐसे समय में अखिलेश यादव मज़बूती से संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की आवाज़ बनकर खड़े हैं। मोहम्मद अरशद खान ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए आंदोलन सामाजिक बराबरी और हिस्सेदारी की लड़ाई है। यह आंदोलन गरीबों, किसानों, पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और वंचित समाज को सम्मान और अधिकार दिलाने का आंदोलन है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों, अखिलेश यादव के विज़न और पीडीए आंदोलन के संदेश को जनता तक पहुंचाएं तथा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष को मजबूत करें।