वाराणसी। हिंदू युवा वाहिनी के महानगर मंत्री अभिषेक "गोलू" श्रीवास्तव ने शुक्रवार को आयोजित मीडिया वार्ता में लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरी चिंता जताते हुए इसकी निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक तैयारियों और आपदा प्रबंधन की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोषियों की जवाबदेही तय करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
मीडिया वार्ता में उन्होंने निजी स्कूलों और निजी अस्पतालों में कथित मनमानी फीस वसूली एवं आर्थिक शोषण का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे आवश्यक क्षेत्रों में बढ़ता आर्थिक बोझ आम जनता के लिए चिंता का विषय बन गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ निजी अस्पताल मरीजों की मजबूरी का लाभ उठाकर अनावश्यक जांच, दवाओं और उपचार के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूल रहे हैं, जबकि निजी स्कूलों में बढ़ती फीस और विभिन्न मदों में अतिरिक्त वसूली से अभिभावकों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
अभिषेक श्रीवास्तव ने सरकार और प्रशासन से ऐसे संस्थानों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने मीडिया से भी जनहित से जुड़े इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की अपील की।