रामपुर उत्तर प्रदेश रामपुर जिला अधिकारी अजय द्विवेदी ने जिले में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। जिला प्रशासन की ओर से आमजन से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने तथा सावधानी बरतने की अपील की गई है।
जिलाधिकारी अजय द्विवेदी लगातार जनता के बीच सक्रिय नजर आ रहे हैं। वह अपने आवास से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पैदल पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दे रहे हैं। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद उन्होंने फरियादियों की जन समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि गर्मी के मौसम में सभी लोग पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, धूप से बचाव करें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य एवं राहत व्यवस्थाओं को लेकर सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।