गढ़मुक्तेश्वर और हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने किया भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक
रामपुर।(मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा) सावन माह के तीसरे सोमवार को रामपुर जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही भमरौवा मंदिर, पंजाब नगर, राठौड़ा मंदिर और काशी मंदिर सहित विभिन्न शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
कांवड़िए हरिद्वार और गढ़मुक्तेश्वर से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचे और सावन के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर भगवान शिव का विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव से जलाभिषेक किया। मंदिरों में पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” के जयकारों के साथ भोलेनाथ को गंगाजल अर्पित किया।
जलाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आए। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने बड़े प्रेम और उत्साह के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सावन के तीसरे सोमवार को विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बन रही थी। कांवड़ियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय भक्त भी मंदिरों में पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
सावन के तीसरे सोमवार को पूरा रामपुर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से शिवमय नजर आया। श्रद्धा, भक्ति और सेवा की भावना के बीच कांवड़ियों ने अपनी धार्मिक यात्रा को पूर्ण करते हुए भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।