मुरादाबाद।(मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा) मुरादाबाद के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया को मंडलायुक्त मुरादाबाद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अगली व्यवस्था होने तक डॉ. पेंसिया जिलाधिकारी के साथ-साथ कमिश्नर मुरादाबाद की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इसकी जानकारी सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर इसे महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।
मंडलायुक्त पद पर तैनात रहे आईएएस आंजनेय कुमार सिंह का कार्यकाल 14 अगस्त 2026 को समाप्त हुआ था। इसके बाद उन्होंने कमिश्नर का प्रभार छोड़ दिया और अवकाश पर चले गए। ऐसे में शासन की ओर से अगली व्यवस्था होने तक मुरादाबाद के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया को यह जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. राजेंद्र पेंसिया के पास अब जिले के प्रशासनिक कार्यों के साथ मंडल स्तर की जिम्मेदारी भी रहेगी। इससे मुरादाबाद मंडल के चारों जिलों से जुड़े प्रशासनिक एवं विकास कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर होगी।
गौरतलब है कि डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने मुरादाबाद के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभालने के बाद शासन की योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया है।