• Home
  • Uttar Pradesh
  • Fatehpur
  • Major action by the task force and revenue team: two tractor-trolleys overloaded with *maurang* (coarse sand) seized.

टास्क फोर्स व राजस्व टीम की बड़ी कार्रवाई, ओवरलोड मौरंग लदी दो ट्रैक्टर-ट्रालियां पकड़ीं

खखरेरू/फतेहपुर जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टास्क फोर्स और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार तड़के कार्रवाई करते हुए मौरंग से ओवरलोड दो ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़ लिया। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध परिवहन में लगे वाहन संचालकों और लोकेटरों में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर टास्क फोर्स एवं राजस्व विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। रविवार सुबह करीब चार बजे सूचना मिली कि बिछियावां मोड़ की ओर से मौरंग से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रालियां अंतरजनपदीय परिवहन के लिए निकाली जा रही हैं। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रालियों को कब्जे में ले लिया।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी संयुक्त टीम ने हरदासपुर के पास अभियान चलाकर दो ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रालियों को सीज किया था। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने की कोशिश तेज हो गई है।

हालांकि, कार्रवाई के बावजूद अवैध परिवहन में लगे कुछ लोग नए रास्ते तलाश रहे हैं। मुख्य मार्गों पर सख्ती बढ़ने के बाद अब ओवरलोड वाहन गांवों के संपर्क मार्गों से रात और तड़के अंधेरे का फायदा उठाकर निकाले जा रहे हैं, जिससे प्रशासन के सामने निगरानी की नई चुनौती खड़ी हो गई है।

प्रशासन का कहना है कि ओवरलोड और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।