जीवन ज्योति दिव्यांगतार्थ संस्थान में शैक्षणिक संसाधन कक्ष का भी हुआ उद्घाटन

वाराणसी। जीवन ज्योति दिव्यांगतार्थ संस्थान के प्रांगण में शुक्रवार को रतन सूरज मेमोरियल पुरस्कार समारोह-2026 का आयोजन किया गया। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्थान में दृष्टिबाधित छात्राओं के लिए अत्याधुनिक शैक्षणिक संसाधन कक्ष का भी उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला दिव्यांगजन एवं सशक्तिकरण अधिकारी श्री आर.पी. सिंह ने कहा कि दिव्यांग बच्चे किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने जीवन ज्योति दिव्यांगतार्थ संस्थान द्वारा दिव्यांग छात्र-छात्राओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनका विभाग दिव्यांगजनों के हित और सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

समारोह में जीवन ज्योति दिव्यांगतार्थ संस्थान के साथ-साथ अमर ज्योति स्कूल (रांची), नव ज्योति स्कूल (लखनऊ) तथा दिव्य ज्योति स्कूल (प्रयागराज) के छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। संस्थान की निदेशिका सिस्टर स्वेता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संसाधनों के महत्व पर प्रकाश डाला। संस्थापिका सिस्टर आइरीन ने मुख्य अतिथि का शॉल एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम का संचालन स्पेशल स्कूल की प्रधानाचार्या सिस्टर शोभा ने किया। अंत में जीवन ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्या सिस्टर मोनिका ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में सेंट जॉन्स स्कूल, लेदूपुर के प्रधानाचार्य फादर हेनरी, जन विकास समिति के निदेशक फादर चेतन तथा वज्र विद्या संस्थान के डॉ. सोनम योनडेन गुरूंग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।