• Home
  • Uttar Pradesh
  • Fatehpur
  • Fertilizer distribution disrupted due to the secretary's late arrival and a machine malfunction; farmers stood in line for hours.

सचिव के देर से पहुंचने और मशीन खराब होने से खाद वितरण बाधित, घंटों लाइन में खड़े रहे किसान

खखरेरू/फतेहपुर विकास खंड धाता की ग्रामसभा पौली स्थित रोहेल्लापुर साधन सहकारी समिति में सोमवार को खाद वितरण व्यवस्था अव्यवस्थित रही। सचिव के देर से पहुंचने और मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण सैकड़ों किसानों को घंटों लाइन में खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। इससे किसानों में नाराजगी देखने को मिली।

समिति पर लगभग 900 बोरी यूरिया और 300 बोरी डीएपी उपलब्ध होने की सूचना पर सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुंच गए। खरीफ सीजन में धान सहित अन्य फसलों के लिए खाद की अधिक आवश्यकता होने के कारण किसानों की भीड़ लग गई। किसानों का आरोप है कि सुबह 11 बजे तक समिति पर कोई जिम्मेदार कर्मचारी नहीं पहुंचा, जिससे वितरण कार्य शुरू नहीं हो सका।

कई किसान दूर-दराज के गांवों से ट्रैक्टर-ट्राली और अन्य वाहनों से खाद लेने पहुंचे थे। तेज धूप और उमस के बीच घंटों इंतजार करने के बावजूद खाद न मिलने पर किसानों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि समय पर खाद नहीं मिलने से फसलों की बुवाई और देखभाल प्रभावित हो सकती है।

किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि खाद वितरण के दौरान हर बार इसी तरह की अव्यवस्था रहती है। समय पर कर्मचारियों की उपलब्धता और वैकल्पिक व्यवस्था न होने से परेशानी बढ़ जाती है। उन्होंने पारदर्शी एवं समयबद्ध वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

इस संबंध में समिति सचिव मानसिंह ने बताया कि सुबह मशीन में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण वितरण कार्य प्रभावित हुआ। मशीन ठीक होने के बाद खाद वितरण शुरू करा दिया गया।