वाराणसी। नगर निगम के तीन वर्ष पूर्ण होने पर महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि अगले दो माह में वाराणसी देश का पहला गार्बेज फ्री सिटी बनेगा। नगर निगम ने 27 में से 23 कूड़ाघरों को बंद कर दिया है, जबकि शेष चार को समाप्त करने की प्रक्रिया जारी है।
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित पत्रकारवार्ता में महापौर ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में वाराणसी 41वें स्थान से बढ़कर 17वें स्थान पर पहुंच गया है। सफाईकर्मियों की संख्या 4075 से बढ़ाकर 7428 कर दी गई है तथा सभी 100 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की निगरानी क्यूआर कोड और कमांड सेंटर से की जा रही है।
उन्होंने बताया कि निगम का बजट 843 करोड़ से बढ़कर 2775 करोड़ रुपये हो गया है और बिना गृहकर बढ़ाए राजस्व वसूली 94 करोड़ से बढ़कर 415 करोड़ रुपये तक पहुंची है। वहीं 1250 बीघा जमीन को अतिक्रमण मुक्त कर निगम के लैंड बैंक में शामिल किया गया है।
महापौर ने आगामी योजनाओं में भेलूपुर में शिवा थीम पार्क, फूड प्लाजा और संग्रहालय, अस्सी घाट व सारनाथ में पार्किंग, नए स्पोर्ट्स सेंटर, वर्किंग वूमेन हॉस्टल तथा तालाबों और कुओं के जीर्णोद्धार की घोषणा की।
इस मौके पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, उपसभापति नरसिंह दास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।