• Home
  • Uttar Pradesh
  • Agra
  • Workers should accept the decision of the people and serve with more dedication: Randhawa

जनता के फैसले को स्वीकार कर और अधिक समर्पण भाव से सेवा करें कार्यकर्ता: रंधावा

जीरकपुर, 1 जून : आम आदमी पार्टी के डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र से विधायक सरदार कुलजीत सिंह रंधावा ने जीरकपुर स्थित पार्टी के सब-ऑफिस में नगर परिषद चुनावों में भाग लेने वाले उम्मीदवारों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विशेष बैठक की। इस अवसर पर उन्होंने चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवारों तथा चुनाव प्रचार अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित करते हुए उनकी मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना की।

विधायक रंधावा ने कहा कि जीत और हार लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा हैं, लेकिन जनता की सेवा के लिए निभाई गई जिम्मेदारी और की गई मेहनत ही सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने चुनावों के दौरान पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य किया है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। बैठक के दौरान चुनाव परिणामों को लेकर विस्तार से चिंतन-मंथन भी किया गया। रंधावा ने कार्यकर्ताओं से जनता के फैसले को सम्मानपूर्वक स्वीकार करने और अधिक उत्साह के साथ जमीनी स्तर पर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पार्टी की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करें और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहें, ताकि जनता का विश्वास और अधिक मजबूत किया जा सके।