राजभाषा के प्रचार-प्रसार पर जोर, हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

वाराणसी, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल कार्यालय के भारतेन्दु सभाकक्ष में मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक एवं हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बैठक में राजभाषा के प्रयोग, वेबसाइट पर द्विभाषी सामग्री अपलोड करने तथा कार्यालयी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग पर चर्चा हुई।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि वाराणसी मंडल में पत्राचार, टिप्पणियों एवं बैठकों के कार्यवृत्त में व्यापक स्तर पर हिंदी का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों से द्विभाषी सामग्री नियमित रूप से उपलब्ध कराने का आह्वान किया। अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि हिंदी में कार्य करना न केवल संवैधानिक दायित्व बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है।

कार्यक्रम में आयोजित हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले अधिकारियों को पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया। राजभाषा अधिकारी नवनीत कुमार वर्मा ने राजभाषा प्रगति की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए सुझावों पर चर्चा कराई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।