नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सीमांत जिला पुलिस अधीक्षक सम्मेलन-2026 को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की स्मार्ट बॉर्डर सुरक्षा व्यवस्था जल्द ही दुनिया की सबसे आधुनिक व्यवस्थाओं में शामिल होगी। उन्होंने कहा कि सरकार सीमा सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और एकीकृत सुरक्षा ग्रिड पर काम कर रही है।
अमित शाह ने कहा कि सुरक्षित सीमा, समृद्ध सीमांत और सजग समाज ही देश की सुरक्षा की मजबूत नींव हैं। उन्होंने बताया कि म्यांमार सीमा पर 1,610 किलोमीटर लंबी बाड़बंदी का कार्य जारी है तथा घुसपैठ, नारकोटिक्स, तस्करी, ड्रोन और संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए व्यापक रणनीति अपनाई जा रही है। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय बदलाव पर सतर्क निगरानी और स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।