• Home
  • Uttar Pradesh
  • Rampur
  • Rampur: Allegations of holding a youth hostage, assaulting him, and robbing him of cash and a bike; plea for justice made to the SP.

रामपुर: युवक को बंधक बनाकर मारपीट, नगदी और बाइक लूटने का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

रामपुर। उत्तर प्रदेश/जनपद रामपुर के थाना मिलक क्षेत्र में एक युवक को कथित रूप से बंधक बनाकर मारपीट करने, जातिसूचक शब्द कहने, नगदी छीनने तथा मोटरसाइकिल लूट लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक रामपुर को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार बरेली जनपद के थाना शीशगढ़ क्षेत्र के ग्राम शीशगढ़ देहात निवासी सोनू पुत्र सुनील कुमार ने आरोप लगाया है कि वह 6 जून 2026 को सुबह करीब 9 बजे अपनी मोटरसाइकिल से मिलक की ओर से वापस लौट रहा था। मिलक बाईपास के पास उसे प्रदीप कुमार यादव और उसके चार साथियों ने रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की तथा उसे जमीन पर गिरा दिया।

पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन एक वाहन में बैठाकर मिलक स्थित एक मकान में ले जाया गया, जहां उसे बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए जबरन वीडियो भी बनाई। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उसकी जाति पूछकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और उसके पास से 18 हजार रुपये छीन लिए। साथ ही उसकी मोटरसाइकिल भी अपने कब्जे में ले ली।

पीड़ित का कहना है कि उसने पहले बरेली पुलिस से शिकायत की, लेकिन घटना स्थल रामपुर जनपद का होने के कारण उसे मिलक थाना भेज दिया गया। आरोप है कि थाना स्तर पर भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक रामपुर से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित प्रदीप कुमार यादव एवं उसके साथियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।