• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Outstanding performance by Mahadev Surya Vinayak Boxing Academy athletes at the state-level Sub-Junior Boxing Championship.

प्रदेशीय सब जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में महादेव सूर्या विनायक बॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

वाराणसी। सहारनपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 10 से 13 जून तक आयोजित प्रदेशीय सब जूनियर बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में महादेव सूर्या विनायक बॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वाराणसी मंडल और एकेडमी का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता में एकेडमी के तीन मुक्केबाजों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। हिमांशु यादव ने 52 से 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक, अनिरुद्ध दत्त मिश्रा ने 55 से 58 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक तथा रुद्र सिंह ने 49 से 52 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।

स्वर्ण पदक विजेता हिमांशु यादव गाजीपुर के निवासी हैं। उनके पिता हरकेश यादव भारतीय सेना में कार्यरत हैं तथा माता का नाम रेखा यादव है। रजत पदक विजेता अनिरुद्ध दत्त मिश्रा की माता का नाम पूनम मिश्रा है। वहीं कांस्य पदक विजेता रुद्र सिंह गाजीपुर के गोसंदेपुर उपरवार के निवासी हैं। उनके पिता राकेश सिंह एवं माता दीपिका सिंह हैं।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से क्षेत्र एवं एकेडमी में खुशी का माहौल है। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव प्रमोद कुमार ने खिलाड़ियों एवं उनके कोच को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

एकेडमी के मुख्य संरक्षक शशिकांत पांडेय ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों और कोच को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

इस अवसर पर उपेन्द्र कुमार मिश्र प्रदेश उपाध्यक्ष राष्ट्रीय सनातन संघ, संजीव कुमार मिश्रा एवं मंशा यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। एकेडमी के सभी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय कोच दिलीप कुमार सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनकी देखरेख में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।