• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Special Director General Deepak Kumar Inspects Kashi Vishwanath-Gyanvapi Security Arrangements; Inaugurates Personnel Mess at 95th Battalion

विशेष महानिदेशक दीपक कुमार ने किया काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, 95 बटालियन में सैनिक भोजनालय का उद्घाटन

विशेष महानिदेशक दीपक कुमार ने किया काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, 95 बटालियन में सैनिक भोजनालय का उद्घाटन

जवानों की सतर्कता, अनुशासन और सामाजिक कार्यों की सराहना, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के दिए निर्देश वाराणसी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के विशेष महानिदेशक दीपक कुमार (आईपीएस) ने शुक्रवार को वाराणसी स्थित 95वीं बटालियन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बटालियन की सुरक्षा तैयारियों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अति संवेदनशील श्री काशी विश्वनाथ मंदिर-ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी सघन निरीक्षण कर सुरक्षा ग्रिड का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं जवानों को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं अभेद्य बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी के दौरान हर समय उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान विशेष महानिदेशक ने 95वीं बटालियन परिसर में नवनिर्मित सैनिक भोजनालय (ओआरएस मेस) का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर सीआरपीएफ मध्य सेक्टर, लखनऊ के पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार, चंदौली रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक संजय कुमार सिंह तथा 95वीं बटालियन के कमांडेंट आर.एस. बालापुरकर सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए दीपक कुमार ने 95वीं बटालियन के अधिकारियों और जवानों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि बटालियन अपनी सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और मुस्तैदी से निर्वहन कर रही है। साथ ही वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, योग शिविर और अन्य सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाकर समाज में सीआरपीएफ की सकारात्मक एवं जनहितैषी छवि को मजबूत कर रही है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी बल की महत्वपूर्ण पहचान है। उनके दौरे और मार्गदर्शन से 95वीं बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों का मनोबल बढ़ा तथा उन्हें अपने दायित्वों के प्रति और अधिक समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा मिली।