गैस सिलेंडर में लीकेज से लगी घर में लगी आग, अनाज व गृहस्थी का सामान जलकर राख
खखरेरू/फतेहपुर धाता विकासखंड के बसवा गांव में बुधवार सुबह गैस सिलेंडर में लीकेज होने से एक मकान में भीषण आग लग गई आग की चपेट में आने से घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर समेत गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया
जानकारी के अनुसार बसवा गांव निवासी मिलन पुत्र श्यामलाल पासवान के घर में सुबह उनकी बहू रसोई में खाना बना रही थी इसी दौरान गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा और अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और घर में रखा सामान धू-धूकर जलने लगा
पीड़ित मिलन ने बताया कि आग में लगभग 3 कुंतल 50 किलोग्राम गेहूं, 50 किलोग्राम चना, 50 किलोग्राम उड़द, एक बोरी आटा, चार कुर्सियां, एक मेज, कपड़े तथा अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझ जाने से आसपास के अन्य मकानों तक आग फैलने से बच गई
घटना की सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल अनुज कुमार मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। शासन की ओर से निर्धारित नियमों के अनुसार पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।