• Home
  • Uttar Pradesh
  • Fatehpur
  • Pallavi Patel Targets Central and State Governments Over Farmer, Fertilizer, and Electricity Issues

किसान, खाद और बिजली के मुद्दे पर केंद्र व प्रदेश सरकार पर पल्लवी पटेल का हमला

अपना दल कमेरावादी के कार्यकर्ता सम्मेलन में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान


 *खखरेरू/फतेहपुर*  अपना दल कमेरावादी का कार्यकर्ता सम्मेलन रविवार को रक्षपालपुर स्थित पुष्पा गेस्ट हाउस में आयोजित हुआ। सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीएल पटेल समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. सोनेलाल पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों और सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया।

डॉ. पल्लवी पटेल ने स्वतंत्रता दिवस के संदर्भ में कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी यह सवाल उठता है कि क्या समाज के अंतिम व्यक्ति को वास्तविक स्वतंत्रता मिल सकी है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसान अपनी फसल का मूल्य खुद तय नहीं कर सकता। खाद और बिजली की समस्या से किसान परेशान है। उन्होंने कहा कि पहले 50 किलो की खाद की बोरी मिलती थी, जबकि अब 45 किलो की बोरी दी जा रही है और कीमतें भी बढ़ी हैं। इसके बावजूद किसानों को समय से खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि धर्म और आत्मनिर्भरता जैसे मुद्दों के नाम पर आम जनता को भ्रमित किया जा रहा है। नोटबंदी के दौरान कालेधन पर अंकुश लगाने का दावा किया गया था, लेकिन बड़े आर्थिक घोटालों के आरोपों के बीच कई बड़े कारोबारी देश से बाहर चले गए। उन्होंने कहा कि जनता के हितों से जुड़े सवालों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

पल्लवी पटेल ने कार्यकर्ताओं से सड़क से संसद तक जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने यूजीसी पेपर लीक समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर किए गए संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को इस संघर्ष को गांव-गांव तक पहुंचाना होगा। उन्होंने 23 अगस्त को रायबरेली में प्रस्तावित विशाल जनसभा में कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति के सवाल पर उन्होंने कहा कि अपना दल कमेरावादी प्रदेश की करीब 40 विधानसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रहा है। फिलहाल उन्होंने किसी दल के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार किया।

सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष सीएल पटेल, प्रयागराज मंडल उपाध्यक्ष सतनारायण पटेल, जिलाध्यक्ष विद्या पटेल, जिला महिला अध्यक्ष सुशील सिंह, तेज प्रताप सिंह, धर्मेंद्र सिंह (बालाजी), अंकित सिंह डब्बू, निखिल धोबी, पुष्पराज सिंह, रवेंद्र सिंह ,टीकम सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।