अर्थशास्त्र विभाग में ‘सर्कुलर इकोनॉमी एंड ई-वेस्ट’ पर कार्यशाला

वाराणसी। विश्वविद्यालय परिसर स्थित अर्थशास्त्र विभाग में विद्यार्थियों के लिए 18 अगस्त 2026 को विश्वविद्यालय सेवायोजन सूचना एवं मंत्रणा केंद्र तथा VARANASI RECYCLERS Pvt. Ltd. के सहयोग से ‘Entrepreneurship & Capacity Building Workshop’ के अंतर्गत ‘सर्कुलर इकोनॉमी एंड ई-वेस्ट’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला के प्रारंभ में विश्वविद्यालय सेवायोजन सूचना एवं मंत्रणा केंद्र की प्रमुख प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने कुलपति एवं विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि श्री पियूष पाण्डेय का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को कार्यशाला से अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। मुख्य वक्ता श्री पियूष पाण्डेय ने ‘सर्कुलर इकोनॉमी एंड ई-वेस्ट’ विषय पर विद्यार्थियों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की जानकारी दी। उन्होंने ई-वेस्ट के पुनर्चक्रण के माध्यम से उसे उपयोगी बनाने के लिए सरकारी एवं निजी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। साथ ही विद्यार्थियों को ई-वेस्ट प्रबंधन एवं सर्कुलर इकोनॉमी के क्षेत्र में रोजगार और उद्यमिता के उभरते अवसरों से अवगत कराया। कार्यशाला में समाज विज्ञान संकाय की संकायाध्यक्ष प्रो. सखा तथा अर्थशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. अंकिता गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यशाला के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय सेवायोजन केंद्र के करियर काउंसलिंग कार्यक्रम प्रभारी श्री मदन लाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।