वाराणसी/हजारीबाग, 09 जून। अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र (आईयूसीटीई), वाराणसी एवं डिग्री कॉलेज बरही, चंदवारा (झारखंड) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) का समापन हुआ। “समतामूलक उच्च शिक्षा: भारतीय ज्ञान परंपरा एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता का एकीकरण” विषयक कार्यक्रम में शिक्षकों ने अपने अनुभव एवं निष्कर्ष प्रस्तुत किए।
मुख्य वक्ता प्रो. आशीष श्रीवास्तव ने सुशासन, नेतृत्व, संस्थागत विकास तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एआई मानवीय बुद्धिमत्ता का विकल्प नहीं, बल्कि एक सहायक उपकरण है। समापन सत्र में डॉ. अरुण कुमार मिश्रा ने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की।