वाराणसी, 2 जून। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के साथ बनारस रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत निर्माणाधीन 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज के कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने आईआरसीटीसी संचालित विश्रामगृह, डोरमेटरी, प्रतीक्षालय, सोलर पैनल, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, टिकटिंग, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था एवं दिव्यांगजन सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। साथ ही आरपीएफ व जीआरपी को यात्रियों की सुरक्षा के लिए सतर्कता बढ़ाने तथा अधोसंरचना विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।