• Home
  • Uttar Pradesh
  • Moradabad
  • A road accident on the highway in the Katghar police station area of ??Moradabad claimed the lives of three people on Tuesday afternoon.

मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में हाइवे पर मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे ने तीन लोगों की जान ले ली।

मंडल मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश/मुरादाबाद के गांगन नदी पुल के समीप तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार का मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गया। 

हादसे के बाद चीख-पुकार का माहौल बन गया।

 संभल जिले के हयातनगर थाना क्षेत्र स्थित सरायतरीन निवासी जुनैद अपनी गर्भवती पत्नी सिमरन, तीन वर्षीय बेटे और साली के साथ बाइक से  जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गांगन नदी पुल के पास पीछे से आ रही रोडवेज बस ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सिमरन और बेटे को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मंतशा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल जुनैद का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में परिजनों की भीड़ जुट गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कटघर पुलिस ने हादसे में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बस चालक की भूमिका और लापरवाही के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है