खखरेरू/फतेहपुर* बीते 24 घंटे से लगातार हो रही तेज बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश के कारण धाता विकासखंड क्षेत्र में कई कच्चे मकान गिरकर ध्वस्त हो गए। मकान गिरने से खाद्यान्न, कपड़े समेत गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। हालांकि सभी घटनाओं में गनीमत रही कि परिवार के लोग सुरक्षित बच गए।
धाता विकासखंड के राईपुर गांव निवासी रामसूरत पुत्र रामनाथ का मकान तेज बारिश के चलते रात में भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से गेहूं, चावल समेत गृहस्थी का पूरा सामान मलबे में दब गया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य बाहर छप्पर के नीचे सो रहे थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इसी गांव के उमाशंकर पुत्र रामफल के घर के पीछे बना कमरा भी बारिश के कारण गिर गया। कमरे में रखा खाने-पीने का अनाज मलबे में दबकर खराब हो गया।
राईपुर ग्राम सभा के मजरे रोहिल्लापुर निवासी कमलेश पुत्र घसीटे का भी पूरा घर बारिश के कारण ढह गया। घर गिरने के बाद पीड़ित परिवार बच्चों समेत छप्पर के नीचे रहने को मजबूर है। पीड़ित के अनुसार घर में रखा करीब दो कुंतल गेहूं, तीन कुंतल चावल, कपड़े और अन्य गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
वहीं आलमपुर गेरिया के मजरे सुखनापुर निवासी आरती देवी पत्नी प्रमोद कुमार का घर भी रविवार रात करीब 11 बजे तेज बारिश के चलते गिर गया। मकान गिरने से खाद्य सामग्री, कपड़े, चारपाई समेत अन्य गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया। आरती देवी ने बताया कि घटना के समय वह बच्चों के साथ घर से बाहर थीं, जिससे सभी सुरक्षित बच गए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बारिश से हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। खबर लिखे जाने तक क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लेने नहीं पहुंचे थे।