दिनदहाड़े गोलीबारी से दहला मुरादाबाद युवक की हत्या एक गंभीर रूप से घायल

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश/ मुरादाबाद तहसीलकुंदरकी के चक खिताबपुर उर्फ खनुपुरा गांव में रविवार सुबह बदमाशों ने दो युवकों को गोली मार दी। इसमें एक की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। घटना के बाद परिजनों ने हंगामा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम चक खिताबपुर उर्फ खनुपुरा में रविवार सुबह गोलीकांड से सनसनी फैल गई। कुछ लोगों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें एक युवक की मौके पर ही मौत जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

अंकित (22) पुत्र कल्लू जाटव अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था जबकि आशीष चौधरी (35) पुत्र सुखवीर खेत पर जा रहा था। इसी दौरान हमलावरों ने दोनों को निशाना बनाकर गोली चला दी। अंकित की गर्दन में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।  

आशीष के सिर में गोली लगी है। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक की हत्या से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का विरोध किया तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

मौके पर पहुंचे एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली। एसपी देहात ने परिजनों को आरोपियों के कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

इसके बाद स्थिति शांत हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।