बहराइच/उत्तर प्रदेश/जहां एक ओर डबल इंजन की सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, वहीं दूसरी ओर कैसरगंज स्थित ठाकुर हुकुम सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्थाओं के चलते मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लखनऊ-बहराइच हाईवे स्थित ठाकुर हुकुम सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मीडिया द्वारा निरीक्षण किए जाने पर कई खामियां सामने आईं। अस्पताल परिसर में वर्ष 2021 में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट के आसपास भारी झाड़ियां उगी हुई मिलीं। जानकारी के अनुसार पूर्व सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने 7 अक्टूबर 2021 को ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ किया था, लेकिन वर्तमान में उसके आसपास रखे जनरेटर उपेक्षा का शिकार दिखाई दे रहे हैं।
मरीजों और उनके परिजनों ने बताया कि अस्पताल में कई जनरेटर स्थापित होने के बावजूद विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर उनका संचालन नहीं किया जाता, जिससे मरीजों को उपचार के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। परिसर में कुछ जनरेटर खुले आसमान के नीचे पड़े हुए हैं, जिन पर जंग लगती देखी जा सकती है।
कुछ मरीजों ने आरोप लगाया कि वर्तमान अधीक्षक डॉ. बी.डी. वर्मा के कार्यकाल में अस्पताल की व्यवस्थाओं में गिरावट आई है और मरीजों की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि जनरेटरों के संचालन को लेकर कागजी दावे किए जाते हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
अस्पताल परिसर की यह स्थिति स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना यह होगा कि खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर व्यवस्थाओं में सुधार करते हैं या फिर यह गंभीर समस्या भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में सिमट कर रह जाएगी।बाइट/टैग लाइन:
"सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं पर अव्यवस्थाओं का ग्रहण, कैसरगंज सीएचसी में मरीजों ने उठाए सवाल।"