भजन विहार में धूमधाम से मनाया गया तीज महोत्सव

बागपत, उत्तर प्रदेश। विवेक जैन।  नगर के गली नंबर 6, भजन विहार में तीज महोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पारंपरिक तीज पर्व की खुशियों को एक-दूसरे के साथ साझा किया। कार्यक्रम की संयोजिका अमिता वशिष्ठ रहीं। महोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में खूब झूला झूला और तीज के गीतों के बीच कार्यक्रम का आनंद लिया। पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में श्रुति को तीज क्वीन चुना गया। आयोजकों की ओर से उन्हें पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। तीज क्वीन चुने जाने पर उपस्थित महिलाओं ने श्रुति को बधाई दी।कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रकाश चौधरी, ललित माधव गोपाल एवं अमित शर्मा ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। उनके सहयोग से आयोजन को बेहतर ढंग से संपन्न कराने में मदद मिली। इस अवसर पर कार्यक्रम की संयोजिका अमिता वशिष्ठ ने तीज पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तीज भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है और आपसी प्रेम, सौहार्द, उल्लास तथा पारिवारिक सुख-समृद्धि की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं को एक साथ मिलकर अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने का अवसर मिलता है। अंत मे सभी ने बागपत के सुप्रसिद्ध शंकर नान भंडार के छोले भटूरो को प्रसाद रूप में ग्रहण किया। महोत्सव में उर्मिला, स्वाति, करिश्मा, श्वेता, पूनम, शालू, मेघा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया और तीज महोत्सव को यादगार बनाया।


बरवाला आश्रम में हुआ वार्षिक भंडारे व जागरण का भव्य आयोजन

- चमत्कारी देव जाहरवीर गोगाजी धाम बरवाला में आयोजित देवी जागरण में उत्तर भारत के सिद्ध-साधु संतो ने की शिरकत

- धाम की महंत और आध्यात्मिक गुरू बिन्दुनाथ जी उर्फ सिद्धेश्वरी नाथ जी ने धाम में आये अतिथियों को किया सम्मानित

बागपत, उत्तर प्रदेश। विवेक जैन। उत्तर भारत के प्रसिद्ध और सिद्ध तीर्थ स्थलों में शुमार महंत बिन्दुनाथ जी उर्फ सिद्धेश्वरी नाथ जी महाराज के बरवाला स्थित चमत्कारी देव जाहरवीर गोगाजी धाम में वार्षिक विशाल भण्ड़ारे और देवी जागरण का आयोजन हुआ। देवी माता के जागरण में उत्तर भारत के जाने-माने सिद्ध साधु-संतो ने शिरकत की। सर्वप्रथम धाम की महंत और आध्यात्मिक गुरू बिन्दुनाथ जी ने धाम में विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना की। इसके उपरान्त हवन और उसके बाद धाम में भंडारे और जागरण का आयोजन हुआ। जागरण में भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक देवी मॉं के भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को मंत्र-मुग्ध कर दिया। जागरण में आये साधु संतो और अतिथियों का महंत बिन्दुनाथ जी उर्फ सिद्धेश्वरी नाथ जी महाराज ने अभिनंदन किया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सिद्ध साधु-संतो का आशीर्वाद लिया। धाम की महंत बिन्दुनाथ जी ने धाम में पधारे समस्त अतिथियों व श्रद्धालुओं का आश्रम की ओर से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अर्जुननाथ जी महाराज, छपरौली विधायक डॉ अजय कुमार, महामहिम राष्ट्रपति जी और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, पहलवान जितेन्द्र तोमर, महिपाल पूर्व प्रधान, नरेश ठेकेदार, निशान्त तोमर, सुरेशपाल, सन्नी तोमर, सेवक संजय ठाकुर, धर्मेन्द्र, सुभाष, सतपाल, रविन्द्र, मेघनाथ महाराज, सौरव, रविन्द्र, चुलकाना से आये सन्नी जी और उनकी टीम सहित सैंकड़ों की संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित थे।