वित्तीय संसाधनों की कमी, तकनीकी उन्नयन व बाजार विस्तार

वाराणसी। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) वाराणसी द्वारा होटल रेडिसन केंट में एमएसएमई की समृद्धि एवं वित्तपोषण विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में बीएसई एसएमई एवं स्टार्टअप्स के पूर्व अतिरिक्त महाप्रबंधक आनंद चारी, कैपिटल मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट एस. रामकृष्णन अयंगर तथा सिडबी के उप महाप्रबंधक रितेश कुमार सिंह ने उद्यमियों को वित्तीय संसाधनों, पूंजी बाजार और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर.के. चौधरी ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन वित्तीय संसाधनों की कमी, तकनीकी उन्नयन और बाजार विस्तार जैसी चुनौतियां इसके विकास में बाधक हैं। राष्ट्रीय महासचिव दीपक बजाज ने कहा कि आईपीओ एमएसएमई के लिए पूंजी जुटाने और ब्रांड वैल्यू बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

आनंद चारी ने एसएमई लिस्टिंग के लाभ और प्रक्रिया पर प्रकाश डाला, जबकि एस. रामकृष्णन अयंगर ने सेबी एवं स्टॉक एक्सचेंजों की नियामकीय प्रक्रियाओं की जानकारी दी। सिडबी के उप महाप्रबंधक रितेश कुमार सिंह ने बताया कि उद्यमों को कार्यशील पूंजी के लिए 5 करोड़ रुपये तक तथा विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए 15 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

कार्यक्रम में आईआईए के राष्ट्रीय सचिव अनुपम देवा, चेयरमैन पंकज अग्रवाल, प्रशांत अग्रवाल, मनीष कटारिया, गौरव गुप्ता, अजय जायसवाल, राहुल मेहता, उमंग गुप्ता सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।