• Home
  • Uttar Pradesh
  • Rampur
  • Youth dies under suspicious circumstances; family members demand an investigation by the District Magistrate and Superintendent of Police Somendra Meena.

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, परिजनों ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा से जांच की मांग की

रामपुर। थाना टांडा क्षेत्र के ग्राम अकबराबाद निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार ग्राम अकबराबाद निवासी जसीम अपने भाई के साथ डेयरी व्यवसाय से जुड़े थे। बताया गया है कि जसीम अपनी पत्नी के साथ दड़ियाल क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे। परिजनों का आरोप है कि 11 जून 2026 को दोपहर करीब एक बजे जसीम के भाई को उनकी भाभी का फोन आया, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। फोन पर चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई देने पर परिजन तत्काल किराये के मकान पर पहुंचे।


परिजनों का कहना है कि वहां जसीम अचेत अवस्था में जमीन पर पड़े मिले। पूछताछ करने पर उनकी पत्नी ने बताया कि वह अचानक बेहोश होकर गिर गए हैं। इसके बाद परिजन जसीम को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों ने बताया कि अंतिम संस्कार और अन्य रस्मों के बाद उन्हें युवक की मौत को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच कराकर मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किए जाने की मांग की है।

फिलहाल प्रशासन को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की मांग उठी है। जांच के बाद ही युवक की मौत के कारणों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।