मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश /मुरादाबाद के थाना कटघर क्षेत्र निवासी एक युवक ने अपने बैंक खाते में संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन होने और खाते पर होल्ड लगाए जाने के मामले में पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि एक व्यक्ति ने उसे ऑनलाइन भुगतान के नाम पर धोखे में रखकर उसके खाते का इस्तेमाल किया, जिसके बाद उसका बैंक खाता होल्ड कर दिया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार वह कटघर थाना क्षेत्र के जीवन नगर इलाके का निवासी है और उसका बैंक खाता संचालित है। पीड़ित ने बताया कि 5 जून 2026 को दोपहर के समय एक व्यक्ति उसके पास आया और खुद को ऑनलाइन लेनदेन करने वाला बताते हुए गूगल बिजनेस पर “BOB Mini Branch” के नाम से भुगतान प्राप्त करने की बात कही। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने पहले उसके खाते में 5700 रुपये और 5999 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और इसके बदले नकद राशि ले ली।
पीड़ित का कहना है कि अगले दिन उसके मोबाइल पर बैंक की ओर से सूचना मिली कि उसके खाते को होल्ड कर दिया गया है। जब उसने बैंक शाखा पहुंचकर जानकारी की तो पता चला कि खाते में आए लेनदेन को संदिग्ध मानते हुए कार्रवाई की गई है। इससे उसके खाते का संचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया और वह अपने पैसे का उपयोग नहीं कर पा रहा है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 8 जून को पुनः 1200 रुपये की एक और ऑनलाइन पेमेंट उसके खाते में आई। इसी दौरान वह व्यक्ति दोबारा नकद राशि लेने पहुंचा, लेकिन खाते पर होल्ड और पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए पीड़ित ने रकम देने से इनकार कर दिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे पूरे घटनाक्रम की जानकारी नहीं थी और संभवतः उसके खाते का उपयोग किसी प्रकार के ऑनलाइन फ्रॉड या संदिग्ध लेनदेन के लिए किया गया है। उसने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उसके बैंक खाते से होल्ड हटवाने की मांग की है।
मामले की शिकायत थाना कटघर पुलिस को दे दी गई है। अब पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खाते में हुए लेनदेन के पीछे कोई धोखाधड़ी या साइबर अपराध का नेटवर्क सक्रिय था या नहीं।