• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Heartfelt farewell to retired Home Guard Shiv Gopal Pathak from Sigra Police Station; his 38 years of service were honored.

थाना सिगरा से सेवानिवृत्त होमगार्ड शिव गोपाल पाठक को भावभीनी विदाई, 38 वर्षों की सेवा को किया गया सम्मानित

वाराणसी। थाना सिगरा में मंगलवार को 38 वर्षों की उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो रहे होमगार्ड श्री शिव गोपाल पाठक को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक सिगरा श्री शिवाकान्त मिश्र एवं समस्त सिगरा पुलिस परिवार ने उन्हें माल्यार्पण कर उपहार भेंट किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

श्री शिव गोपाल पाठक, पुत्र स्वर्गीय जगन्नाथ प्रसाद पाठक, मूल रूप से ग्राम रामापुर कोहडौर, थाना खुण्डौर, जनपद प्रतापगढ़ के निवासी हैं। उनका जन्म 1 जुलाई 1966 को प्रतापगढ़ में हुआ। उनके पिता स्वर्गीय जगन्नाथ प्रसाद पाठक वाराणसी में रेलवे विभाग में हेड क्लर्क के पद पर कार्यरत थे।

श्री पाठक ने वर्ष 1985 में मात्र 15 रुपये दैनिक भत्ते पर होमगार्ड विभाग में अपनी सेवा प्रारंभ की। अपने लगभग 38 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने वाराणसी कमिश्नरेट के विभिन्न थानों पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ सेवाएं दीं। अपने सरल, सौम्य और मिलनसार स्वभाव के कारण वे पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच हमेशा सम्मानित रहे।

विदाई समारोह में प्रभारी निरीक्षक श्री शिवाकान्त मिश्र ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि श्री पाठक की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और व्यवहार सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।

समारोह के दौरान उपस्थित पुलिसकर्मियों ने भी श्री पाठक के साथ बिताए गए कार्यकाल की स्मृतियों को साझा किया और उनके सम्मान में भावभीनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।