वाराणसी, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य रमेश चन्द्र कुण्डे ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में समाज कल्याण, पुलिस, नगर निगम, चिकित्सा, शिक्षा, उद्योग तथा पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान सदस्य रमेश चन्द्र कुण्डे ने विभागवार संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जाए तथा व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जनपद में हाथ से मैला उठाने वाले व्यक्तियों की संख्या शून्य है। इस पर संतोष व्यक्त करते हुए आयोग सदस्य ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें।
बैठक के अंत में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से अधिकतम लाभान्वित करने के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।