वाराणसी, 14 अगस्त। किशोरियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डॉ. शंभुनाथ सिंह रिसर्च फाउंडेशन (SRF) की शक्ति परी परियोजना के अंतर्गत केन्द्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान, सारनाथ के अनाथपिंड गेस्ट हाउस में “छू लेंगे आसमाँ” विषयक किशोरी शक्ति सम्मेलन आयोजित हुआ मुख्य अतिथि लेखिका एवं राष्ट्रवादी विचारक डॉ. नीरजा माधव ने किशोरियों से अपनी संस्कृति और संस्कारों का सम्मान करते हुए लक्ष्य निर्धारित कर सफलता के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। अध्यक्षता करते हुए संस्थान की कुलसचिव डॉ. सुनीता चंद्रा ने कहा कि यथार्थवादी सपनों को लक्ष्य बनाकर मेहनत करने से सफलता प्राप्त की जा सकती है सम्मेलन में सारनाथ क्षेत्र की 15 बस्तियों से करीब 250 किशोरियों ने भाग लिया। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, बाल विवाह रोकथाम, लैंगिक समानता, बाल संरक्षण, जीवन कौशल और डिजिटल साक्षरता सहित विभिन्न विषयों पर संवाद हुआ। किशोरियों ने भाषण, गायन-वादन, नृत्य-नाटिका एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अपने सपनों और चुनौतियों को प्रस्तुत किया कार्यक्रम को डॉ. मंजू द्विवेदी, डॉ. रजनी द्विवेदी, डॉ. मंजरी पाण्डेय, सी.ए. जमुना शुक्ल, ज्योतिषाचार्य शालिनी खरे, डॉ. शिप्रा धर, डॉ. रचना अग्रवाल, रेख्स सिंह चौहान, सब इंस्पेक्टर उमा सिंह जादौन, डॉ. बेनी माधव एवं डॉ. उमेश प्रसाद सिंह ने संबोधित किया संस्था के कार्यक्रम निदेशक राजीव कुमार सिंह ने परियोजना की गतिविधियों की जानकारी दी। संयोजन परियोजना प्रबंधक राजश्री शुक्ल के नेतृत्व में रश्मि, बबिता एवं अंजली ने किया। संजय सिंह, शशांक जायसवाल, भगवानदास, मनोज, सुरेश एवं शमा ने सहयोग दिया। धन्यवाद ज्ञापन दीक्षा सिंह ने किया।