सामुदायिक शौचालय और खेल मैदान बना तालाब, ग्रामीण परेशान

पानी निकासी की व्यवस्था नहीं, शौचालय में टूटी सीट और गंदगी का अंबार; झाड़ियों में पनप रहे जंगली जीव 

 *खखरेरू/फतेहपुर*  विजयीपुर विकासखंड की ग्राम सभा कठरिया में सरकारी सुविधाओं की बदहाली ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। गांव में बना सामुदायिक शौचालय और उससे जुड़ा खेल मैदान बारिश के पानी से तालाब में तब्दील हो गया है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से खेल मैदान में जलभराव के साथ बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। इससे ग्रामीणों को आवागमन और सुबह-शाम टहलने में परेशानी हो रही है।

सामुदायिक शौचालय की हालत भी बेहद खराब है। शौचालय का ताला खुला रहता है, लेकिन अंदर कमोड और लैट्रिन सीट टूटे पड़े हैं। परिसर में गंदगी का अंबार लगा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शौचालय में तैनात महिला केयरटेकर नियमित रूप से केवल अपनी उपस्थिति दर्ज करती हैं, जबकि साफ-सफाई और रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया जाता। ग्रामीणों में कुलदीप तिवारी पवन पटेल कुंदन सिंह संदीप तिवारी मेवालाल सुधीर श्रीवास्तव आदि ने बताया कि हर महीने सफाई सामग्री उपलब्ध कराए जाने के बावजूद शौचालय की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।

सामुदायिक शौचालय से सटे खेल मैदान की स्थिति भी बदहाल है। ग्रामीणों के मुताबिक मैदान में सुविधाओं के नाम पर महज एक-दो पोल लगे हैं। कभी जहां बच्चे खेलते थे और ग्रामीण सुबह-शाम टहलने व व्यायाम करने पहुंचते थे, वहां इन दिनों बारिश का पानी भरा हुआ है। जलभराव के कारण मैदान में बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि झाड़ियों में जंगली जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन से सामुदायिक शौचालय और खेल मैदान जैसी सुविधाएं विकसित की गईं, लेकिन उचित रखरखाव और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से दोनों बदहाली का शिकार हैं। ग्रामीणों ने जल निकासी की तत्काल व्यवस्था कराने, मैदान की झाड़ियां साफ कराने और सामुदायिक शौचालय की मरम्मत व नियमित सफाई कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि बारिश शुरू होने से पहले जल निकासी और सफाई की व्यवस्था कर दी जाती तो मौजूदा समस्या से बचा जा सकता था। अब जलभराव के कारण सरकारी सुविधा का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मामले की जांच कराकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई और दोनों परिसरों की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी जयप्रकाश से बात की गई तो उन्होंने बताया कि खेल मैदान और सामुदायिक शौचालय जांच करवा कर व्यवस्थाएं करवाई जाएगी।