मेदांता लखनऊ ने रक्तदान करने वालों को किया सम्मानित

लखनऊ, 14 जून, 2026: विश्व रक्तदाता दिवस के मौके पर मेदांता लखनऊ ने विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में पिछले एक साल के दौरान मेदांता ब्लड सेंटर में रक्तदान करने वाले लोगों और रक्तदान शिविर लगाने में सहयोग देने वाले आयोजकों को सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वाले लोगों को सम्मान पत्र, यादगार उपहार और पौधे दिए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप के पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध रंगकर्मी और फिल्म अभिनेता डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी उपस्थित रहे। इसके अलावा मेदांता लखनऊ के वरिष्ठ अधिकारी और डॉक्टर भी कार्यक्रम में शामिल रहे।

मेदांता ब्लड सेंटर के प्रमुख डॉ. आशीष तिवारी ने इस मौके पर रक्तदान की जरूरत और इसके महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई मरीजों के इलाज में मदद कर सकता है और समय पर मिला रक्त किसी की जान बचा सकता है।

रक्तदान का संदेश ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए मेदांता लखनऊ ने ‘रक्त का मूल्य’ विषय पर 2 मिनट की वीडियो प्रतियोगिता भी रखी। इसका मकसद खास तौर पर युवाओं को रक्तदान के लिए आगे आने के लिए प्रेरित करना रहा। विश्व रक्तदाता दिवस पर 14 जून को मेदांता लखनऊ के ब्लड सेंटर में रक्तदान कैंप लगाया जाएगा। इसमें आने वाले लोगों का नाम दर्ज कर रक्तदान कराया जाएगा।

डॉ. आशीष तिवारी, प्रमुख, मेदांता ब्लड सेंटर ने कहा, "जब कोई व्यक्ति रक्तदान करता है, तो वह सिर्फ रक्त नहीं देता, बल्कि किसी परिवार को उम्मीद भी देता है। अस्पतालों में हर दिन ऐसे मरीज आते हैं जिन्हें रक्त की जरूरत होती है। यदि अधिक से अधिक लोग नियमित रूप से रक्तदान करें, तो किसी भी मरीज को रक्त के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा।"

रक्तदाताओं के लिए कुछ मनोरंजक गतिविधियां और खेल भी रखे गए, ताकि उनका अनुभव यादगार बन सके। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रमाण पत्र और उपहार दिए गए।

मेदांता लखनऊ ने सभी स्वस्थ लोगों से अपील की है कि वे रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद करें। अस्पताल का कहना है कि रक्तदान एक छोटा प्रयास है, लेकिन इससे किसी को नया जीवन मिल सकता है।