डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों का सम्मान, उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए हुए सम्मानित

वाराणसी। हिन्दू सेवा सदन चिकित्सालय एवं मारवाड़ी युवा मंच, वाराणसी गंगा शाखा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को डॉक्टर्स डे के अवसर पर हिन्दू सेवा सदन चिकित्सालय, घुंघराली गली, बॉसफाटक में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाएं प्रदान करने वाले चिकित्सकों को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सक समाज के सच्चे सेवक हैं, जो हर परिस्थिति में मानवता की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने चिकित्सकों की सेवा भावना, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए सभी को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में हिन्दू सेवा सदन चिकित्सालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, प्रधानमंत्री राजेंद्र मोहन शाह, कोषाध्यक्ष नरेंद्र भुरारिया तथा मारवाड़ी युवा मंच, वाराणसी गंगा शाखा के अध्यक्ष विनीत प्रसाद, शाखा अध्यक्ष सिल्की अग्रवाल, सचिव सुषमा अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की।