उत्तर प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, आपूर्ति सामान्य: OMCs

लखनऊ, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (इंडियनऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल) ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है तथा ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। कुछ चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर दिखाई दे रही समस्या स्थानीय एवं अस्थायी है, जो मांग-आपूर्ति के असंतुलन के कारण उत्पन्न हुई है।

कंपनियों के अनुसार 1 से 21 जून 2026 के दौरान पिछले वर्ष की तुलना में पेट्रोल की बिक्री में 8.7 प्रतिशत और डीजल की बिक्री में 14.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं की जरूरतों को सुचारू रूप से पूरा किया जा रहा है। प्रदेश के 12,331 पेट्रोल पंपों में से केवल कुछ स्थानों पर ही आपूर्ति में मामूली देरी की स्थिति है।

तेल कंपनियों ने कहा कि ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उपभोक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक रूप से ईंधन की खरीदारी से बचने की अपील की गई है।