मुरादाबाद। आज कुंदरकी विधानसभा के मुंडापांडे विकास खंड के ग्राम भदासना एवं भायपुर में शासन द्वारा ग्राम चौपाल का आयोजन कराया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना था। कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने फीता काटकर ग्राम चौपाल का शुभारंभ किया।कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से वृद्धावस्था पेंशन, फॉर्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, विद्युत और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब को बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।
अपने संबोधन में ठाकुर रामवीर सिंह ने आगे कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि गांव, गरीब, किसान, महिला, वृद्ध और दिव्यांग तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचे। उन्होंने बताया कि ग्राम चौपाल जैसे कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं, जिससे समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही संभव हो पाता है। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि सभी प्राप्त प्रकरणों का तत्काल परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए। साथ ही, की गई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट मेरे कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए ताकि निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जा सके। ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों के स्टाल लगे थे, जिन पर सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अपनी बात सीधे प्रशासन तक पहुंचाने पर संतोष व्यक्त किया और इस पहल की सराहना की। यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन की भावना के अनुरूप है।