प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया

लखनऊ डेस्क(आर एल पाण्डेय)।चरक इंस्टीट्यूट ऑफ एजूकेशन में आयोजित “चरक प्रतिभा खोज परीक्षा 2025” के अंतर्गत  विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों हेतु सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों में अत्यंत उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर संस्थान की प्रबंध निर्देशिका श्रीमती रितु सिंह एवं प्राचार्य डॉ. अनुराधा त्रिपाठी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। डॉ. अनुराधा त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएँ विद्यार्थियों के आत्मविश्वास एवं बौद्धिक विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन तथा श्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए प्रेरित किया।

सम्मान समारोह में त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज, ब्राइट कैरियर इंटर कॉलेज, खुशहाल दास इंटर कॉलेज, वीरांगना ऊदा देवी राजकीय इंटर कॉलेज, बृजभूषण इंटर कॉलेज, माया देवी इंटर कॉलेज, भगवान देवी इंटर कॉलेज, महेश सिंह इंटर कॉलेज एवं राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज, लखनऊ के प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। संस्थान परिवार ने सभी सफल प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएँ प्रदान कीं।