वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान संस्थान स्थित दुग्ध विज्ञान एवं खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग में संचालित इग्नू अध्ययन केन्द्र (48003) में कृषि एवं खाद्य क्षेत्र से संबंधित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। अध्ययन केन्द्र में बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड तथा छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
अध्ययन केन्द्र के समन्वयक डॉ. अरविन्द ने बताया कि इग्नू द्वारा संचालित पाठ्यक्रम विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए जाते हैं तथा उनकी गुणवत्ता उच्च स्तर की होती है। उन्होंने कहा कि फूड सेफ्टी एवं डेयरी तकनीक जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों की विशेष रुचि देखने को मिल रही है। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए किसी प्रकार की आयु सीमा निर्धारित नहीं है और अभ्यर्थी नौकरी के साथ भी अध्ययन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अध्ययन केन्द्र में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से जुड़ने का अवसर प्राप्त होता है तथा वे अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं। केन्द्र द्वारा संचालित बी.एससी. फूड सेफ्टी एंड क्वालिटी मैनेजमेंट (B.Sc. FSQM) पाठ्यक्रम भी विद्यार्थियों के बीच काफी लोकप्रिय है। चार वर्षीय इस स्नातक पाठ्यक्रम में खाद्य सुरक्षा से संबंधित विषयों का विस्तृत अध्ययन कराया जाता है। इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए विज्ञान विषय के साथ इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
डॉ. अरविन्द ने बताया कि इग्नू में प्रवेश के लिए मेरिट की बाध्यता नहीं है, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता है। प्रवेश की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।