वाराणसी। अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन की वाराणसी इकाई के जिला एवं महानगर पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को पराड़कर भवन, मैदागिन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष पृथ्वी पाल सिंह ने की।
विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने संगठन की एकता, मजबूती और विस्तार पर जोर दिया। शपथ ग्रहण करने वालों में जिला अध्यक्ष दीपक सेठ, महानगर अध्यक्ष सुजीत वर्मा, महानगर प्रभारी एकता सेठ तथा महिला महानगर अध्यक्ष श्वेता सिंह सहित उनकी कार्यकारिणी के पदाधिकारी शामिल रहे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष पृथ्वी पाल सिंह और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा ने मंत्री के समक्ष मैदागिन से गोदौलिया मार्ग स्थित नीचीबाग पर संत नरहरि दास की स्मृति में द्वार निर्माण की मांग रखी। मंत्री ने इस पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गोष्ठी को राजीव कुमार वर्मा, अविनाश सेठ, एम. वर्मा, दिलीप सोनी, दीपक सेठ, सुजीत वर्मा और एकता सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। संचालन डॉ. विनोद वर्मा ने किया।