रामपुर। उत्तर प्रदेश/ रामपुर/आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अजय द्विवेदी ने मुख्यमंत्री की गाइडलाइन के अनुरूप ताजियादारों और आयोजन समितियों से ताजिया की ऊंचाई सीमित रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कई बार देखने में आता है कि ताजिए अत्यधिक ऊंचे बनाए जाते हैं, जिससे बिजली के तारों एवं अन्य कारणों से दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
जिलाधिकारी ने अपने इंटरव्यू में बताया कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ताजियों की ऊंचाई 20 फीट तक रखने की अपील की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा है और सभी धार्मिक आयोजनों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।
डीएम अजय द्विवेदी ने बताया कि मुहर्रम के दौरान नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। जुलूस मार्गों का निरीक्षण कराया जा रहा है तथा आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।
उन्होंने सभी ताजियादारों एवं नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि मुहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जा सके।