सेवापुरी। हर-घर हाइड्रेशन अभियान के तहत टेट्रा पैक एवं टीएसएल फाउंडेशन के सहयोग से उत्तर प्रदेश फोर्सेस व प्रसार संस्था की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेवापुरी में फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला चिकित्साधिकारी डॉ. शालिनी शर्मा ने किया डॉ. शालिनी शर्मा ने कहा कि दस्त, बुखार, तेज गर्मी और शारीरिक परिश्रम के दौरान डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से जन अभियान चलाकर लोगों को डिहाइड्रेशन से बचाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया प्रशिक्षण के दौरान बीपीएम अनूप मिश्रा ने कहा कि टेट्रा पैक एवं टीएसएल फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के लिए यह प्रशिक्षण सराहनीय पहल है। प्रशिक्षण में पूर्व प्रश्नावली के माध्यम से प्रतिभागियों के जानकारी के स्तर का आकलन किया गया। इसके बाद डिहाइड्रेशन के प्रमुख कारण, लक्षण, बचाव और निवारण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई प्रशिक्षकों ने सही ओआरएस की पहचान, पैकेट पर डब्ल्यूएचओ के फार्मूले की जांच तथा ओआरएस घोल तैयार करने की सही विधि समझाई। पीपीटी के माध्यम से डिहाइड्रेशन के खतरे और उसके लक्षणों की जानकारी दी गई। बदलते मौसम में बच्चों में होने वाले दस्त की स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया डब्ल्यूएचओ के रामकुमार ने आशा, एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से भ्रमण के दौरान लोगों को डिहाइड्रेशन से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उत्तर प्रदेश फोर्सेस एवं प्रसार संस्था की ओर से शिशुपाल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान रानी पाल बीसीएम, ग्राम्या संस्थान के सुरेंद्र यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।